Showing posts with label vishwakarma samaj. Show all posts
Showing posts with label vishwakarma samaj. Show all posts

Thursday, June 4, 2020

एकीकरण से सत्ता की ओर....... - नरेश पांचाल


विश्वकर्मा समाज देश के विभिन्न भागों में अलग-अलग नाम से जाना व पहचाना जाता है। तीस उप जातियों व उप नामों के कारण इतने बडे समाज को संगठित कर राजनैतिक स्तर पर पहचान बना कर सत्ता का लाभ हासिल करने में कदम-कदम पर बाधाएं आ रही हैं। समाज के अगुआ कहे जाने वाले महत्वकांक्षी नेताओं की संकुचित मानसिकता विश्वकर्मा समाज की एकता और उसके विकास में सबसे बड़ी बाधा है।

       आज देश में विश्वकर्मा नाम के अतिरिक्त बढ़ई महासभा, लोहार महासभा, टांक महासभा, धीमान महासभा, पांचाल महासभा और न जाने कितने अलग-अलग नामों से संगठन और सभाएं चल रही है। और सभी का एक मात्र लक्ष्य विश्वकर्मा समाज का चहुमुखी विकास और सत्ता में भागेदारी है। लेकिन बिखराव के कारण कोई भी राजनैतिक दल इतने विशाल समाज का मूल्यांकन नहीं कर रहा है। नतीजन हमारा समाज विकास की दौड में पिछडे वर्ग की अपेक्षाकृत कम जनसंख्या वाली जातियों से पीछे है।

       इन्हीं सब समस्याओं  पर गंभीर चिन्तन और मनन के बाद 9 जून 2002 को विश्वकर्मा एकीकरण अभियान का सूत्रपात हुआ। समाज के तेजतर्रार आई.ए.एस. अधिकारी रहे श्री जे.एन. विश्वकर्मा जी ने अपने प्रशासनिक सेवा काल में समाज की दशा और दिशा को करीब से समझा और देखा। सामाजिक संगठनों के क्रिया कलाप और सामाजिक नेताओं की कार्यपद्धति और उनकी व्यक्तिगत महत्वकांक्षाओं का अध्ययन किया। उन्होनें देखा कि विभिन्न नामों से चल रहे विश्वकर्मा समाज के संगठनों को एक कर पाना कठिन ही नहीं बल्कि असंभव कार्य है।

       इस लिये श्री जे.एन. विश्वकर्मा ने समाज के ज्येष्ठ और श्रेष्ठ विद्वत जनों के साथ मंत्रणा कर विश्वकर्मा एकीकरण अभियान शुरु किया। अभियान की 16 वीं वर्षगांठ  पर 88000 ऋषियों की तपोभूमि एवं पौराणिक तीर्थ स्थल नैमिषारण्य (सीतापुर) उ.प्र. में बहुत ही भव्य और दिव्य तरीके से मनाई गई। जिसमें देश के विभिन्न भागों से आये विश्वकर्मा समाज के लोगों व स्वयं सेवकों ने प्रतिभाग किया।            

       विश्वकर्मा एकीकरण अभियान का लक्ष्य देश भर में विभिन्न नामों से चल रहे सामाजिक संगठनों यथा-स्थिति में चलते हुए बिना किसी विलय के अपने लक्ष्य के प्राप्ति के लिए एकिकृत करना है। सामाजिक एकता आन्तरिक और एकीकरण एक बाह्य प्रक्रिया है। हमारा लक्ष्य विश्वकर्मा समाज को संख्या बल के अनुरूप सत्ता में भागेदारी सुनिश्चित कराना है। जिसके लिये एकीकरण आवश्यक  है। अभियान अपने 16 वर्षों की अनवरत यात्रा में उत्तर प्रदेश में ही नहीं सम्पूर्ण भारत में पहचान बना चुका है। लेकिन अभी हम उस लक्ष्य को प्राप्त कर पाने में सफल नही हो सके है। जिसके लिये यह अभियान शुरू किया गया है। लेकिन देश भर में अभियान के तहत अब तक आयोजित हो चुकी जन सभाओं और समाजिक गोष्ठियों में उमड़े जन समूह को देख कर राजनैतिक दलों में यह सुगबुगाहट होने लगी कि अब विश्वकर्मा समाज को ज्यादा दिनों तक उपेक्षित नही रखा जा सकता । परिणाम यह हुआ कि सपा, बसपा, कांग्रेस, भाजपा और अन्य क्षेत्रीय दलों ने विश्वकर्मा समाज को राजनैतिक क्षेत्र में काम करने वाले बन्धुओं को महत्व देना शुरू कर दिया। लेकिन जो लक्ष्य हमें प्राप्त करना है वह अभी दूर है। इसके लिये निरन्तर सामाजिक सक्रियता की जरूरत है।

       स्मरणीय है कि विश्वकर्मा एकीकरण अभियान गैर राजनैतिक है लेकिन इसका लक्ष्य विभिन्न माध्यमों से सत्ता में समाज की भागेदारी है। राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका अदा करने वाले बंधुओं के लिए अभियान एक संजीवनी है।

       विश्वकर्म एकीकरण अभियान और उसके स्वयं सेवक किसी राजनैतिक दल के बंधुआ मजदूर नही अपितु समाजके स्वैच्छिक कार्यकर्ता है। जो राजनैतिक दल हमारे समाज के नौजवान, युवा साथियो और राजनैतिक क्षेत्र में का करने वालों क सत्ता मे भागेदारी सुनिश्चित करेगा अभियान का स्वयं सेवक उसके लिये समर्पित रहेगें। विश्वकर्मा समाज की उपेक्षा करने वालों का करारा सबक सिखाने में भी अभियान के स्वयं सेवक पीछे नहीं रहेंगे।

       आज जरूरत है प्रत्येक स्वजातीय सामाजिक संगठन से जडे सक्रिय कार्यकर्ताओं से बिना अपनी पहचान गवाएं और अपने संगठन का अस्तित्व बनाये रखते हुए इस अभियान से स्वयं सेवक के रूप में जुडने की। अभियान प्रत्येक परिवार से यह अपेक्षा करता है कि वह अपने परिवार से एक सदस्य को इस अभियान से अवश्य जोडे। जिस दिन हम प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 250 सक्रिया स्वयं सेवकों की टीम तैयार करने में सफल हो जायेंगे उस दिन कोई भी राजनैतिक दल विश्वकर्मा समाज की उपेक्षा और कोई भी असमाजिक तत्व उत्पीडन का साहस नहीं जुटा सकेगा।

       तो आइये आज हम संकल्प लें कि अपने परिवार के एक सदस्य को इस अभियान से अवश्य जोडेंगे। क्योंकि अभियान के माध्यम से ही हम राजनीतिक सत्त में भागेदारी हासिल कर सकते है। जो हमारा लक्ष्य है।

“हमारी मंजिल है एकीकरण और हमारा लक्ष्य है सत्ता में भागेदारी”

 


Saturday, December 9, 2017

विश्वकर्मा एकीकरण अभियान त्रै मासिक पत्रिका का विमोचन समारोह सम्पन्न

शाहजहाँपुर, 1 अक्टूबर । विश्वकर्मा एकीकरण अभियान वह आन्दोलन है जो सत्तर वर्षों से राजनीतिक उपेक्षा का शिकार विश्वकर्मा समाज को सत्ता में भागेदारी दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। “विश्वकर्मा एकीकरण अभियान” त्रै मासिक पत्रिका इस आन्दोलन को आगे बढाने में एक पतवार के रूप में कार्य करेगी।
        उक्त विचार “विश्वकर्मा एकीकरण अभियान” सामाजिक पत्रिका के प्रवेशांक के विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि समाज सेवी मुन्ना लाल शर्मा ने व्यक्त किये। उन्होने विश्वकर्मा समाज  के एकीकरण व उसकी आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।
          लखीमपुर जनपद के श्रम प्रवर्तन अधिकारी विद्या प्रकाश शर्मा ने समाज में साहित्य की उपयोगिता को रेखांकित करते हुये कहा कि साहित्य हि किसी समाज का दर्पण होता है। इसलिए निरंतर साहित्य  का सृजन होते रहना ही हमारे लिए प्रेरणादायी है।
              राजकीय महाविद्यालय कांट में सहायक प्रोफेसर डा. सुधीर कुमार शर्मा ने कहा कि हमारी पहचान हमारा साहित्य है। साहित्य को आम जन तक पहुचाने में पत्र पत्रिकाओं का बहुत महत्व है। अध्यापक रोशन लाल शर्मा ने समाज में शिक्षा की उपयोगिता और उसका महत्व बताया। अध्यापक हिमांचल शर्मा ने कहा कि अपने नौनिहालों को अच्छी शिक्षा दिलाकर ही हम विश्वकर्मा समाज को उसका हक दिला सकते है।
                सम्पादक नरेश पाँचाल ने कहा कि वर्तमान युग में संचार माध्यम ही हमारी प्रगति का मुख्य आधार है। “विश्वकर्मा एकीकरण अभियान” पत्रिका समाज में जागरूकता पैदा करने में सहायक सिद्ध होगी ऐसा मुझे विश्वास है।

                   विमोचन समारोह में रामनिवास शर्मा, डा. महेश योगी, ओम प्रकाश शर्मा, ओम प्रकाश मैथिल, रामखिलावन शर्मा, रामू शर्मा आदि ने भी विचार व्यक्त किये। अध्यक्षता मा. राजेश शर्मा ने की संचालन नरेश पाँचाल ने व आभार प्रदर्शन रमेश चन्द्र शर्मा एडवोकेट ने किया। आयोजन में संदीप शर्मा, पवन शर्मा, अनुज शर्मा, अभय शर्मा व अनूप पाँचाल आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।